महताब अंसारी,
कोंच (गया)। कोंच प्रखंड के कोराप पंचायत के छतिहर-जमालपुर स्थित मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पर बच्चों के बीच वितरित की जाने वाली सरकारी पुस्तकों को कबाड़ी के हाथ बेचने का आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो छात्रों द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है। वीडियो में छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों के लिए उपलब्ध सरकारी किताबों को टेंपो पर लादकर बाहर ले जाया गया। छात्रों का कहना है कि उन्हें अभी तक पढ़ाई के लिए आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जबकि विद्यालय से किताबें हटाई जा रही हैं। बच्चों ने आरोप लगाया कि निशुल्क वितरण के लिए आई पुस्तकों को कबाड़ी के हाथ भेज दिया गया।
मामले को लेकर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अर्चना कुमारी से दूरभाष पर संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि पुस्तकों को विभागीय कार्यालय के आदेश के अनुसार हटाया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवश्यक जानकारी विभाग को उपलब्ध है।
वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि विद्यालय की किताबें बेची गई हैं तो यह गलत है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।









