महताब अंसारी
कोंच (गया)। कोंच थाना क्षेत्र की कुरमावां पंचायत अंतर्गत मनोहरपुर गांव के 21 वर्षीय मजदूर सुधीर कुमार बिंद की बोधगया में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान मनोहरपुर निवासी स्वर्गीय वीरेंद्र बिंद के पुत्र सुधीर कुमार बिंद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुधीर परिवार का कमाने वाला इकलौता सदस्य था। वह इंटर पास था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार, सुधीर रोज की तरह शुक्रवार को मजदूरी करने बोधगया गया था। शाम को काम समाप्त होने के बाद वह गांव लौटने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक टेंपो सड़क पर रुकी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के भाई प्रवीण कुमार बिंद ने बताया कि सुधीर की शादी एक वर्ष पूर्व चांदनी देवी से हुई थी। करीब एक वर्ष पहले उसके पिता की भी पानी में डूबने से मौत हो गई थी। अब सुधीर की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में उसके तीन छोटे भाई हैं, जिनमें एक भाई अक्सर बीमार रहता है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक के आश्रितों को किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिल सकी थी। वहीं पत्नी चांदनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।







