कोंच (प्रतिनिधि)। प्रखंड सभागार कोंच में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान मध्य विद्यालय कनौदी एवं मध्य विद्यालय अमरा में पीबीएल (प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग) से संबंधित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण नहीं पाए जाने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापकों को कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि विभागीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान मध्य विद्यालय ओहाबचक के प्रधानाध्यापक रामाकांत प्रसाद के अनुपस्थित रहने का मामला भी सामने आया। साथ ही उनके विरुद्ध शिक्षण कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर बीईओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
गुरुगोष्ठी में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रों की नियमित उपस्थिति, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध तरीके से सभी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्यों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। बीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों को विभागीय निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा विद्यालयों में नियमित एवं बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।









