महताब अंसारी,
गया। पंचानपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक सिक्सर, दो देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बेला मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार युवक शत्रुघ्न पासवान को रोका। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें अवैध हथियार के साथ उसकी तस्वीर मिली। तस्वीर के आधार पर पुलिस को हथियारों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज कुमार के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से एक सिक्सर, दो देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक संबंधों की भी जांच की जा रही है।
पंचानपुर थाना क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के भीतर अवैध हथियार बरामदगी की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हाल के दिनों में कुल चार देसी कट्टा, एक सिक्सर और 18 जिंदा कारतूस जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों के बीच खलबली मची हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध हथियार रखने, बेचने और इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







