फतेहपुर. फतेहपुर पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए 300 लीटर देसी महुआ शराब के साथ दो बाइक जब्त की है. पुलिस को देखते ही शराब तस्कर दोनों बाइक सड़क पर छोड़कर फरार हो गए.
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि झारखंड से शराब की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एलटीएफ प्रभारी जहां निसार अख्तर, एसआई अमरेंद्र कुमार एवं एसआई सचित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी अभियान चलाया गया.
इसी दौरान डूंगरी चट्टी-हलमाता सड़क मार्ग पर शराब तस्करों के आने की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तस्कर पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सड़क पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए. जब्त दोनों बाइक की तलाशी लेने पर कुल 300 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई.
पुलिस ने शराब एवं दोनों बाइक को जब्त कर फतेहपुर थाना में कांड दर्ज कर लिया है. फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.







