मगध अपडेट बिहार राजनीति क्राइम शिक्षा खेल नौकरी धर्म

गया में नकली साबुन फैक्ट्री का भंडाफोड़: ब्रांडेड कंपनी के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा, पुलिस ने जब्त किए 500 से अधिक पैकेट

On: Thursday, February 26, 2026 8:35 AM

✍️देवब्रत मंडल

गयाजी: बिहार के गया शहर में ब्रांडेड उत्पादों की नकल कर उपभोक्ताओं को ठगने वाले एक बड़े रैकेट का पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। शहर के दुबहल इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित एक फैक्ट्री में नामी कंपनियों के ट्रेडमार्क का धड़ल्ले से दुरुपयोग किया जा रहा था। इस गोरखधंधे की भनक लगते ही मगध मेडिकल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री परिसर पर धावा बोला और भारी मात्रा में नकली सामान के साथ निर्माण उपकरणों को जब्त कर लिया।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से आए कंपनी प्रतिनिधि ततन चक्रवर्ती ने पुलिस को एक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में स्पष्ट किया गया था कि दुबहल स्थित ‘आरएम सोप इंडस्ट्रीज’ में उनकी कंपनी के रजिस्टर्ड ब्रांड से मिलते-जुलते “आहा” और “विसाल” नाम के साबुनों का अवैध उत्पादन हो रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने उद्योग परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली, जहां से धोखाधड़ी के पुख्ता सबूत बरामद हुए।

पुलिसिया कार्रवाई के दौरान मौके से “आहा” ब्रांड के 20 बंडल बरामद किए गए, जिनमें कुल 500 पीस नकली साबुन पैक थे। इसके अलावा, पुलिस ने “विसाल” ब्रांड के 25 बड़े पैकिंग बॉक्स, नीले और सफेद रंग की भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री और साबुन के आकार की लोहे की डाई (सांचे) भी जब्त की हैं। कंपनी के विशेषज्ञों ने मौके पर ही इन सभी सामग्रियों को नकली करार देते हुए ट्रेडमार्क उल्लंघन की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने पूरे स्टॉक को सील कर दिया।

इस गंभीर मामले में कानून का शिकंजा कसते हुए मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण सिंह ने बताया कि उद्योग संचालक मंसूर आलम के खिलाफ धोखाधड़ी और ट्रेडमार्क दुरुपयोग की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह नकली माल बाजार में किन-किन रास्तों से सप्लाई किया जा रहा था। थानाध्यक्ष ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता के स्वास्थ्य और भरोसे के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

📰 Latest:
शेरघाटी में 75 लाख की लागत से मिट्टी जांच प्रयोगशाला शुरू, कृषि मंत्री ने किया डिजिटल उद्घाटन | मगध का गौरव: लंदन की ब्रिटिश संसद में सम्मानित होंगे गया के डॉ. राघवेंद्र कुमार | पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: संत रामपाल जी महाराज को देशद्रोह के मामले में मिली जमानत | सिस्टम की संवेदनहीनता ने ली पीडीएस विक्रेता की जान: वजीरगंज गोदाम प्रबंधक पर हत्या का मुकदमा चलाने की उठी मांग | सिस्टम की संवेदनहीनता ने ली पीडीएस विक्रेता की जान: वजीरगंज गोदाम प्रबंधक पर हत्या का मुकदमा चलाने की उठी मांग | फतेहपुर में पीड़ितों के बीच पहुँचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई और सहायता के कड़े निर्देश | चाकंद में ‘ग्लोबल इंटरियो’ का आगाज: अब गया में ही मिलेंगे 20 साल की वारंटी वाले आधुनिक UPVC दरवाजे और खिड़कियां | गया में गैस कालाबाजारी का भंडाफोड़: घर में चल रही थी अवैध गैस एजेंसी, पिता-पुत्र गिरफ्तार | गया के कंडी गांव के सिद्धार्थ ने लहराया परचम, UPPCS परीक्षा में 21वीं रैंक लाकर बढ़ाया जिले का मान | गया के मुखिया जी भी हुए ‘स्मार्ट’: अपने घर में लगवाया स्मार्ट मीटर, बोले- न बिल का झंझट, न धांधली का डर |