कोंच (गया)। कोंच प्रखंड के श्रीगांव पंचायत अंतर्गत सलोने बिगहा गांव में गुरुवार की अहले सुबह बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने राजेश यादव (पिता- स्वर्गीय जगदीश यादव) के घर को निशाना बनाते हुए करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर देर रात घर के बगल में बने करकट नुमा दालान के सहारे छत पर चढ़ गया। इसके बाद छज्जे पर लगे बिजली के बल्ब को निकालकर अंधेरा कर दिया और घर के भीतर प्रवेश कर गया। घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, जिसका फायदा उठाकर चोर ने कमरे में रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जाता है कि राजेश यादव के घर में हाल ही में बेटे और बेटी की शादी हुई थी। शादी के कारण नई बहू के गहने समेत परिवार के अन्य कीमती जेवर घर में रखे गए थे। चोरों ने इन्हीं जेवरों को निशाना बनाया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही कोंच थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मनोज यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरी की इस घटना से पहले चोर ने प्यारेचक गांव निवासी दिनेश यादव के घर में भी घुसने का प्रयास किया था। वहां बक्सा तोड़ने के दौरान घर के लोग जाग गए, जिसके बाद चोर वहां से भाग निकला और सलोने बिगहा पहुंचकर दूसरी वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।






