फतेहपुर. गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत संडेशवर गांव निवासी एवं पूर्व मध्य रेल धनबाद में कार्यरत कार्यालय अधीक्षक नवीन कुमार को शुक्रवार की देर रात विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। पूर्व मध्य रेल ने उन्हें वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया।
धनबाद में कार्यरत नवीन कुमार ने वर्ष 2025-26 के दौरान आईटी सेल में कार्य करते हुए HRMS के विभिन्न मॉड्यूल, जिनमें कैडर मैनेजमेंट, एम्प्लॉयी मास्टर, ई-एसआर, पीएफ लोन, सीनियरिटी, रोस्टर, शिकायत एवं ट्रांसफर शामिल हैं, का सफल संचालन किया। उनके कार्य से मामलों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित हुआ।
इसके अलावा उन्होंने HRMS के माध्यम से कैडर मैनेजमेंट एवं लीव मैनेजमेंट मॉड्यूल को लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नियमित रूप से इनकम टैक्स पोर्टल पर आवश्यक सूचनाओं की अपलोडिंग सुनिश्चित की तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए कार्यों का समय पर निष्पादन किया। सीनियरिटी सूची एवं कार्यालय आदेशों को भी समय पर अपलोड कर प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में अहम योगदान दिया।
नवीन कुमार के इस सम्मान से फतेहपुर प्रखंड एवं संडेशवर गांव में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संडेशवर के नवीन को मिला विशिष्ट रेल सेवा सम्मान
By Aditya Kumar
On: Saturday, August 8, 2026 7:39 AM






