मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | डीडीयू
सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर मंगलवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल मुख्यालय में जागरूकता रैली निकाली गई। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के विभिन्न ग्रुपों के सहयोग से आयोजित इस रैली के जरिए रेलकर्मियों और यात्रियों को ईमानदारी, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस वर्ष जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।
डीआरएम कार्यालय से डीडीयू जंक्शन तक निकली रैली


जागरूकता रैली मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय से शुरू हुई। यहां से रैली पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची और फिर वापस मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लौटकर संपन्न हुई। इसमें भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के विभिन्न ग्रुपों के स्काउट्स और गाइड्स के साथ संबंधित रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया।
अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के खिलाफ यात्रियों को किया जागरूक
रैली के दौरान यात्रियों को रेलवे में निर्धारित किराए के अनुसार ही भुगतान करने और किसी भी व्यक्ति को तय राशि से अधिक पैसे नहीं देने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, रेल यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अवैध मांग या अनुचित वसूली का विरोध करने की अपील की गई।
अनियमितता होने पर 139 पर करें शिकायत
रेलवे की ओर से यात्रियों को बताया गया कि यात्रा के दौरान यदि कोई निर्धारित किराए से अधिक राशि मांगता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो इसकी शिकायत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दर्ज कराई जा सकती है। इस पहल का उद्देश्य रेलवे व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना तथा सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को मजबूत करना है।









