मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | गयाजी
गयाजी में बाइक लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरोह का कथित सरगना एक नाबालिग है, जिसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है। आरोपितों की निशानदेही पर लूटी गई एक बाइक, चोरी की दो बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई तीन अन्य बाइक बरामद की गई हैं।
मारपीट कर दो बाइक लूटने का आरोप

मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की देर रात भुसुंडा-फतेहपुर मार्ग पर विजय डेंटल क्लीनिक के समीप बाइक लूट की दो घटनाएं हुई थीं। बताया गया कि दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बाइक सवारों को निशाना बनाया और उनके साथ मारपीट कर दो बाइक छीन लीं। वारदात में एक लाइनर की भूमिका भी सामने आई है। लूटी गई बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर BR 02 BU 9623 और BR 02 BN 0349 बताए गए हैं।
घटना के बाद वजीरगंज थाना क्षेत्र के सरसा निवासी अजीत कुमार उर्फ रविरंजन ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले सुराग और अन्य जानकारियों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद बाराडीह गांव में छापेमारी कर आरोपितों को पकड़ा गया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया
वजीरगंज एसडीपीओ अभिनव कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तेतरिया निवासी लिट्टू मांझी के पुत्र रिचू कुमार, बाराडीह निवासी भोला प्रसाद के पुत्र आयुष कुमार और राम प्रवेश प्रसाद के पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया नाबालिग इस गिरोह का कथित सरगना है। उसके विरुद्ध पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री का नेटवर्क भी जांच के घेरे में
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल छह बाइक बरामद की हैं। इनमें लूट की एक बाइक, चोरी की दो बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई तीन बाइक शामिल हैं। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चोरी की बाइक कहां से लाई जाती थीं और उनकी खरीद-बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों की अन्य आपराधिक घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और आगे की जांच में बाइक चोरी एवं लूट की दूसरी वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।







