कोंच से महताब अंसारी की रिपोर्ट
कोंच (गया)। कोंच प्रखंड में मंगलवार को निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विपुल भारद्वाज के सम्मान में भव्य विदाई-सह-स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें रथ पर सवार कर पूरे सम्मान, हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ भावभीनी विदाई दी गई। वहीं नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कोंच पैक्स प्रतिनिधि विवेक कुमार ने की। उन्होंने कहा कि विपुल भारद्वाज ने अपने कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों को नई दिशा दी और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहे। उनका कार्यकाल कोंच प्रखंड के लिए प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने नए बीडीओ चंदन कुमार का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

इस अवसर पर नवपदस्थापित बीडीओ चंदन कुमार ने कहा कि प्रखंड के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम जनता के सहयोग से ही विकास कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सुझावों के साथ वे कोंच प्रखंड के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
समारोह के दौरान कोंच पैक्स अध्यक्ष रिया कुमारी के नेतृत्व में निवर्तमान बीडीओ विपुल भारद्वाज को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप भेंट प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि के रूप में कोंच पैक्स के माइक्रो एटीएम केंद्र का उद्घाटन भी बीडीओ विपुल भारद्वाज द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताया।
अपने संबोधन में विपुल भारद्वाज ने कहा कि कोंच में उन्हें जो प्यार, सम्मान और सहयोग मिला, उसे वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विपुल भारद्वाज को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा नए बीडीओ चंदन कुमार के सफल कार्यकाल की कामना की। पूरे कार्यक्रम में सम्मान, उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना रहा।







