महताब अंसारी | मगध लाइव संवाददाता
बिहार के गया जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कोंच थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक किसान को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और झोले में रखे 50 हजार रुपये झपटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे किसान
जानकारी के अनुसार, डुमरा गांव निवासी जगेश्वर यादव, पिता चौठी यादव, 16 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:15 बजे गुरारू स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से 50 हजार रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोंच थाना क्षेत्र के डुमरा गुमटी से करीब 200 मीटर दक्षिण पहुंचते ही पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
बाइक सटाकर झोले से झपट लिए 50 हजार रुपये
पीड़ित के मुताबिक, बाइक सवार दोनों युवकों ने उनके करीब आकर बाइक सटा दी और झोले में रखे 50 हजार रुपये झपट लिए। किसान जब तक कुछ समझ पाते, दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित सकते में आ गए।
बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर पुलिस के लिए अहम सुराग
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि दोनों युवकों की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच थी। उन्होंने बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR02XXX460 भी पुलिस को बताया है। जगेश्वर यादव का कहना है कि सामने आने पर वह दोनों आरोपियों की पहचान कर सकते हैं।
इस संबंध में कोंच थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उपलब्ध सुरागों की पड़ताल की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल बदमाशों तक कब तक पहुंच पाती है।






