डोभी संवाददाता
गया जिले के डोभी प्रखंड अंतर्गत अंगरा टोला निमियाटांड़ गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक व्यक्ति की असामयिक और दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बकरी चराने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निमियाटांड़ निवासी स्वर्गीय शिबू दास के पुत्र सरयू दास प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी अपनी बकरियां चराने के लिए घर से बाहर निकले थे। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। तेज गर्जना के साथ हुई भारी वज्रपात की चपेट में सरयू दास आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मृतक के परिवार में इस घटना के बाद से चीख-पुकार मची हुई है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली उचित मुआवजा राशि की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
मगध लाइव की अपील: खराब मौसम में बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों के लिए क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है। मगध लाइव अपने पाठकों से अपील करता है कि खराब मौसम या बादलों की गर्जना के दौरान ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों में जाने से बचें। सुरक्षित स्थानों पर शरण लें ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।







