फतेहपुर (गया): फतेहपुर नगर पंचायत स्थित अन्दर बाजार में रविवार को पायनियर पब्लिक स्कूल का 5वाँ वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस मौके पर स्कूल परिसर का माहौल उत्सव जैसा रहा, जहाँ नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मौजूद अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भागलपुर से आए प्रो० बीरेंद्र सिंह, फतेहपुर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद (मेयर) रवि कुमार, ज्ञान विद्या इंटरनेशनल स्कूल गया के निदेशक चंदन सिंह, प्रमुख समाजसेवी आलोक जी एवं अजय सर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो० बीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना ही सही शिक्षा है। वहीं मेयर रवि कुमार ने स्कूल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
विद्यालय के डायरेक्टर विवेक कुमार और प्रिंसिपल एस. के. मुरारी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि पायनियर पब्लिक स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि स्कूल न केवल बेहतर शिक्षा, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव कदम उठाएगा।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीतों, लोक नृत्य और कई प्रेरणादायक नाटकों का प्रदर्शन किया। अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इन नन्हे कलाकारों ने यह साबित कर दिया कि अगर उन्हें सही मंच मिले तो वे भी बड़े शहरों के बच्चों से पीछे नहीं हैं। कार्यक्रम के अंत में सफल छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया गया।






