न्यूज शेयर करें
Photo credit: Prabhat khabar

झारखंड के चतरा जिले में बुधवार को नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षाबलों के एक दस्ते पर घात लगाकर हमला किया। इसमें दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य जवानों को गोली लगी। घटना चतरा सदर थाना क्षेत्र के बैरियो जंगल में हुई, जहां पुलिस और सुरक्षाबल अफीम विनष्टीकरण और नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे।

शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम सिकंदर सिंह और सुकन राम हैं, जो क्रमशः बिहार के गया और झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले थे। घायल हुए जवानों में आकाश सिंह, संजय लुगून और कुष्णलाल हाजरा शामिल हैं, जो पलामू, चाईबासा और गिरिडीह जिलों के निवासी हैं। आकाश सिंह की स्थिति गंभीर है, जिसे हेलीकॉप्टर से रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हमले की जानकारी मिलते ही उपायुक्त अबु इमरान और एसडीपीओ संदीप सुमन ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। उन्होंने घायल जवानों का हौसला बढ़ाया और शहीदों के परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने नक्सलियों को खत्म करने के लिए अधिक सुरक्षाबलों को बैरियो जंगल में भेजने का आदेश दिया।

वहीं मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने नक्सली मुठभेड़ में दो जवानों के शहीद होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है, वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्‍यमंत्री ने कहा है कि इस मुठभेड़ में शहीद दोनों जवानों के परिवार के साथ सरकार खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।

Categorized in:

jharkhand,

Last Update: February 7, 2024