न्यूज शेयर करें

पांच सूत्री मांगों को लेकर बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति ने दिया धरना, झारखंड कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष हुए शामिल

देवब्रत मंडल

बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को वार्ड नं 04 अंतर्गत छोटकी नवादा गांधी मोड़ पर एकदिवसीय धरना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। धरना की अध्यक्षता बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के महामंत्री परमानंद सिंह ने किया जबकि संचालन वार्ड पार्षद अनुपमा कुमारी के प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार मंडल ने किया। धरना में मुख्य रूप से झारखंड कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र राय, सर्वोदय कुष्ठ आश्रम के मो. रसूल, कालीरेखा कुष्ठ आश्रम, देवघर के महेश ठाकुर, मो. शमशुद्दीन एवं बलदेव दास, कुष्ठ आश्रम, चुरी, गया के महेश यादव शामिल थे। समिति के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मंडल ने बिहार कुष्ठ शताब्दी योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई विधवा पेंशन योजना एवं दिव्यांग पेंशन योजना की राशि प्रति माह ₹ 3,500 करने, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दो लाख रुपए से बढ़ाकर पांच लाख रुपए करने, भूमिहीन, कुष्ठ रोगियों, दलित, महादलित एवं गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर कर रहे लोगों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास मुहैया कराने, राशनकार्ड में लाभार्थियों के नाम जोड़ने, छूटे हुए परिवार का नया राशन कार्ड बनवाने आदि की मांग रखते हुए कहा कि आज से इन मांगों को लेकर आंदोलन की शुरुआत कर दी गई है। बिहार और झारखंड कुष्ठ कल्याण समिति संयुक्त रूप से यह घोषणा करती है कि जब तक समिति की मांगों को सरकार पूरा नहीं करती है तो सरकार को भी घेरने से बाज नहीं आएंगे। क्योंकि यह लड़ाई बिहार और झारखंड के कुष्ठ रोगियों, असहाय, बेघर, गरीब, लाचार, विधवा, वृद्ध, मेहनतकश मजदूरों के लिए लड़ी जा रही है। महासचिव श्री सिंह ने कहा कि कुष्ठ रोगियों के हक़ की आवाज बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति शुरू से ही उठाती आई है और सरकार को इनकी मांगें माननी पड़ी है और आगे भी अपनी मांगों को पूरा करवा कर ही रहेंगे। इसके लिए एकजुटता के साथ संघर्ष जारी रहेगा। झारखंड से आए कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष श्री राय ने कहा बिहार और झारखंड दोनों की ताकत एकसाथ मिलकर हक़ की लड़ाई को अंजाम तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा झारखंड में भी कुष्ठ रोगियों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी है। जिसमें बिहार प्रदेश के अध्यक्ष पूर्व वार्ड पार्षद सह कुष्ठ कल्याण समिति के बिहार प्रदेश अध्यक्ष श्री मंडल की भूमिका अग्रणी रहती है। हाल ही में धनबाद में धरना दिया गया था तो श्री मंडल साथ थे। धरना को वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी, श्रमिक नेता अनिल कुमार श्रीवास्तव, जदयू नेता गोपाल प्रसाद, सूर्य कुमार पांडेय उर्फ हेबलु पांडेय, श्यामप्यारे प्रसाद, मोहन कुशवाहा, पूर्व मुखिया रबिन्द्र यादव, शिव पासवान, लालू यादव आदि ने भी संबोधित किया। धरना में मोहन प्रसाद, केपी चौधरी, सुरेश प्रसाद सिन्हा, शाश्वत कुमार, बिंदिया देवी सहित कई दिव्यांग, कुष्ठ मरीज के अलावा कई गणमान्य लोग शामिल रहे।