मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | बेलागंज
बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय किसान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना टाली गांव की है, जहां खेत में धान की सिंचाई कर रहे किसान अचानक बिजली के प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
धान की सिंचाई के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान टाली गांव निवासी 65 वर्षीय शंभू बैठा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को शंभू बैठा अपने खेत के बधार में धान की फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान वह खेत में मौजूद बिजली के प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल, गया भेज दिया गया। बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीन बेटों के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि शंभू बैठा के तीन पुत्र हैं, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों के सामने भावनात्मक संकट के साथ-साथ आर्थिक कठिनाइयां भी खड़ी हो गई हैं। खेत में काम करते समय हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद टाली गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।







