मगध लाइव न्यूज़ | गया (फतेहपुर)
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में दुकान दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। धनगांव निवासी शंकर सिंह ने नगर पंचायत फतेहपुर के रहने वाले रंजीत कुमार और उनके परिवार पर करीब 7 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित शंकर सिंह ने बताया कि वे फतेहपुर बाजार में कपड़ा व्यवसाय करते हैं। उनके अनुसार, रंजीत कुमार से उनकी पुरानी जान-पहचान थी और विश्वास के आधार पर उन्होंने दुकान दिलाने के नाम पर 4.99 लाख रुपये ऑनलाइन (UPI) और करीब 2 लाख रुपये नगद दिए थे। आरोप है कि रंजीत कुमार ने कुछ समय में दुकान दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में लगातार टालमटोल करने लगा।
चेक बाउंस होने के बाद मामला बिगड़ा
पीड़ित का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने उन्हें पंजाब नेशनल बैंक का एक चेक दिया, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद जब वे आरोपी के घर पहुंचे तो उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उनके पास से ₹5000 नगद छीन लिए गए और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ित ने अपहरण और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
इस मामले में फतेहपुर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।







