न्यूज शेयर करें

टिकारी संवाददाता: विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूबे के पूर्व मंत्री रहे मुकेश सहनी ने बुधवार को टिकारी का दौरा किया। टिकारी में आयोजित निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए सहनी ने निषादों को एकजुट रहकर संघर्ष करने एवं आरक्षण लेने तक लड़ाई जारी रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। चिल्ड्रेन पार्क के समीप आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम की नैया को भी निषाद ने पार किया था। सहनी ने लोगों के बेहतर भविष्य के लिए, अपने हक और अधिकार के लिए जारी संघर्ष मे साथ रहने हेतु हाथों में गंगा जल देकर संकल्प करवाया। उन्होंने लोगों को ललकारते हुए कहा कि अपने संघर्ष की बदौलत हम आरक्षण लेकर रहेंगे। सहनी ने कहा कि दिल्ली में बैठी सरकार मुझे गठबंधन में शामिल होने के लिए बार बार न्योता दे रही है। लेकिन जब तक आरक्षण नही तब तक गठबंधन नही की नीति पर चल रहा हूं। सहनी ने कहा कि हम सब तो खुद मछली को जाल में फंसाते है।

लेकिन उनके जाल में हम नही फसेंगे। लोगों में जोश भरते हुए कहा कि अपने अधिकार की लड़ाई हमे खुद लड़नी होगी। अन्य प्रदेशों में आरक्षण है लेकिन यूपी, बिहार और झारखंड में हमारे समाज के लोगों के पास आरक्षण नहीं है। सहनी ने कहा कि यह आपकी ताकत का परिणाम है कि पहले निषाद को एक टिकट पाने के लिए वर्षों दौड़ना पड़ता था। लेकिन आज एक निषाद का बेटा टिकट बांट रहा है। इससे पूर्व उनके आगमन पर स्थानीय नेताओं ने माला पहना कर स्वागत किया । सभा को प्रदेश अध्यक्ष बालगोविंद सहनी, जिला अध्यक्ष राज किशोर सहनी, उप जिलाध्यक्ष राज कुमार, प्रखण्ड अध्यक्ष संजय बिंद, मुनि लाल, पिन्टू सहनी आदि ने संबोधित किया।

Categorized in:

Politics,

Last Update: September 27, 2023

Tagged in: