मगध अपडेट बिहार राजनीति क्राइम शिक्षा खेल नौकरी धर्म

सिस्टम की संवेदनहीनता ने ली पीडीएस विक्रेता की जान: वजीरगंज गोदाम प्रबंधक पर हत्या का मुकदमा चलाने की उठी मांग

On: Wednesday, April 8, 2026 10:49 AM

गया जी। बिहार राज्य खाद्य निगम के वजीरगंज स्थित गोदाम में व्याप्त तानाशाही और सहायक गोदाम प्रबंधक की बदसलूकी ने एक गरीब जन वितरण प्रणाली विक्रेता की जान ले ली। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे जिले के डीलरों को झकझोर कर रख दिया है। फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन गया जी के जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने वजीरगंज के भलुआही गांव पहुंचकर मृतक विक्रेता मोहम्मद इशाक खान के परिजनों से मुलाकात की और इस पूरी त्रासदी के लिए सीधे तौर पर गोदाम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए परिजनों ने बताया कि गत 4 अप्रैल को इशाक खान अनाज के उठाव के लिए गोदाम गए थे, जहां सहायक गोदाम प्रबंधक ने अनाज देने के बजाय उनके साथ न केवल अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उनका लाइसेंस दो दिनों के भीतर रद्द करवाने की खुली धमकी भी दे डाली। मृतक ने हाथ जोड़कर विनती की थी कि कार्डधारियों के दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में हैं और उन्हें कम से कम एक गाड़ी अनाज दे दिया जाए, लेकिन गोदाम प्रबंधक ने उनकी एक न सुनी। इस अपमान और मानसिक प्रताड़ना को इशाक खान बर्दाश्त नहीं कर सके और गोदाम परिसर में ही मूर्छित होकर गिर पड़े संवेदनहीनता की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब छटपटाते हुए विक्रेता को अस्पताल पहुंचाने के बजाय गोदाम कर्मी उसे ‘अनाज लेने की नौटंकी’ बताते रहे। अंततः अस्पताल ले जाने के क्रम में उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

इस घटना से आक्रोशित फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जिला प्रशासन से आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह और महामंत्री डॉ. विजय कुमार यादव ने दो टूक शब्दों में मांग की है कि आरोपी गोदाम प्रबंधक के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे तत्काल बर्खास्त किया जाए। एसोसिएशन ने मृतक के आश्रितों के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे, परिवार के किसी सदस्य को अनुकंपा के आधार पर तत्काल लाइसेंस निर्गत करने और बच्चों की निःशुल्क शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जिला पदाधिकारी और आपूर्ति विभाग के वरीय अधिकारियों ने इस मामले में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं की, तो पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। संकट की इस घड़ी में एसोसिएशन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतक की बेवा शकीला बानों को तत्काल सहायता के रूप में एक लाख दस हजार रुपये की राशि सौंपी है। इस मौके पर फतेहपुर, मानपुर, कोच, बोधगया और वजीरगंज प्रखंडों के दर्जनों अध्यक्षों और विक्रेताओं ने एक स्वर में मृतक को न्याय दिलाने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

📰 Latest:
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: संत रामपाल जी महाराज को देशद्रोह के मामले में मिली जमानत | सिस्टम की संवेदनहीनता ने ली पीडीएस विक्रेता की जान: वजीरगंज गोदाम प्रबंधक पर हत्या का मुकदमा चलाने की उठी मांग | सिस्टम की संवेदनहीनता ने ली पीडीएस विक्रेता की जान: वजीरगंज गोदाम प्रबंधक पर हत्या का मुकदमा चलाने की उठी मांग | फतेहपुर में पीड़ितों के बीच पहुँचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई और सहायता के कड़े निर्देश | चाकंद में ‘ग्लोबल इंटरियो’ का आगाज: अब गया में ही मिलेंगे 20 साल की वारंटी वाले आधुनिक UPVC दरवाजे और खिड़कियां | गया में गैस कालाबाजारी का भंडाफोड़: घर में चल रही थी अवैध गैस एजेंसी, पिता-पुत्र गिरफ्तार | गया के कंडी गांव के सिद्धार्थ ने लहराया परचम, UPPCS परीक्षा में 21वीं रैंक लाकर बढ़ाया जिले का मान | गया के मुखिया जी भी हुए ‘स्मार्ट’: अपने घर में लगवाया स्मार्ट मीटर, बोले- न बिल का झंझट, न धांधली का डर | शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज | इंसानियत की अनूठी मिसाल: जेल की सलाखों से संत रामपाल जी महाराज ने भेजा संदेश और बन गया ‘समर्थ कबीर के सुदामा का महल’, बेबसी के आंसू अब मुस्कान में बदले |