कोंच (गया)। कोंच थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कौड़िया गांव के पास गया-गोह मुख्य मार्ग से गांजा लदा एक ट्रक जब्त किया है। ट्रक की तलाशी के दौरान करीब एक क्विंटल यानी 100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। हालांकि, पुलिस को देखते ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक पंचानपुर से गोह की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कौड़िया गांव के पास वाहन को जब्त किया गया। तलाशी में बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
कोंच थानाध्यक्ष आलोक रंजन ने बताया कि मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस इस तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







