मगध लाइव न्यूज़ संवाददाता | बाराचट्टी
गया जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 311 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजे को धान के बोरों के बीच छिपाकर डीसीएम ट्रक से ले जाने की कोशिश की थी। लेकिन डोभी चेकपोस्ट के समीप पुलिस की तलाशी में तस्करी का यह मामला उजागर हो गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे डीसीएम ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
धान के बोरों के बीच छिपाकर रखे गए थे गांजे के 10 बोरे
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के समेकित जांच चौकी डोभी के समीप संदिग्ध डीसीएम ट्रक (रजिस्ट्रेशन संख्या UP-75 AT-8784) की तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रक में लदे धान के बोरों के बीच छिपाकर रखे गए 10 बोरों से गांजा बरामद हुआ। तस्करी के इस तरीके के जरिए मादक पदार्थों को सामान्य कृषि उपज की खेप के रूप में ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
सुपौल का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से ट्रक में सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान आलोक कुमार (करीब 35 वर्ष), पिता शोभानंद यादव, निवासी वार्ड संख्या-05, करजाईन थाना क्षेत्र, जिला सुपौल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक करोड़ के गांजे की बरामदगी के बाद जांच में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल के जवानों की टीम शामिल थी। पुलिस के अनुसार, मामले में अनुसंधान पूरा होने के बाद गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के पीछे शामिल अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







