मगध अपडेट बिहार राजनीति क्राइम शिक्षा खेल नौकरी धर्म

बोधगया में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समागम का भव्य आगाज: विश्व शांति के लिए त्रिपिटक पूजा और यात्रा का शुभारंभ

On: Tuesday, December 2, 2025 3:09 PM

मगध लाइव, बोधगया। भगवान बुद्ध की ज्ञानभूमि बोधगया इन दिनों ऐतिहासिक आध्यात्मिक उत्सव की साक्षी बन रही है। महाबोधि मंदिर परिसर में मंगलवार से शुरू हुई 20वीं अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक पूजा ने शहर को वैश्विक बौद्ध संस्कृति के रंग में रंग दिया है। 10 दिनों तक चलने वाले इस पूजन समारोह में दुनिया के 27 देशों से आए 20 हजार से अधिक भिक्षु-भिक्षुणी हिस्सा ले रहे हैं। विशेष बात यह है कि इस बार इस आयोजन की मेजबानी स्वयं भारत कर रहा है, जबकि इससे पहले इसकी अगुवाई विभिन्न देशों द्वारा की जाती रही है।  दस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन लाखों लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई गई है।

अद्भुत धम्म यात्रा: 25,000 लोगों का आध्यात्मिक सैलाब

सुबह 8 बजे महाबोधि महाविहार से निकली धम्म यात्रा ने उद्घाटन कार्यक्रम की भव्यता कई गुना बढ़ा दी। हाथी पर विराजमान भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा जब आगे बढ़ी तो उसके पीछे 27 देशों से आए 25,000 से अधिक भिक्षु-भिक्षुणियां और श्रद्धालुओं का मानव-सागर उमड़ पड़ा। थाईलैंड की रॉयल बैंड, श्रीलंका का कंद्यान डांस, म्यांमार का सांस्कृतिक दल, कम्बोडिया की अप्सरा झांकी, जापान–कोरिया–भूटान के पारंपरिक ग्रुप और भारत के विभिन्न राज्यों की झांकियों ने बोधगया की सड़कों को अंतरराष्ट्रीय रंगों से भर दिया। यह यात्रा वियतनामी, थाई और जापानी मंदिर होते हुए कालचक्र मैदान में संपन्न हुई, जहाँ उद्घाटन का मुख्य समारोह आयोजित था।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने किया उद्घाटन, विश्व शांति का संदेश

दोपहर 2 बजे केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया।
मुख्य मंच पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, डिप्टी सीएम चौवना मेन , महाराष्ट्र सरकार के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबले, तथा थाईलैंड–श्रीलंका–म्यांमार के वरिष्ठ महाथेरो शामिल रहे।

उद्घाटन सत्र में डॉ. कांबले ने कहा—
“आज जब दुनिया तनाव और युद्धों से जूझ रही है, बोधगया से उठ रही त्रिपिटक की धम्म-ध्वनि विश्व शांति का सबसे प्रबल संदेश बनकर सामने आ रही है।”

समारोह अध्यक्ष भंते संघसेना ने इसे भारत की ऐतिहासिक मेजबानी बताते हुए कहा—
“यह वह क्षण है, जब धम्म अपनी जन्मभूमि में पूरी दुनिया को एक स्वर में जोड़ रहा है।”

त्रिपिटक चैंटिंग से गुंजायमान हुआ बोधगया

सुबह 11 बजे 27 देशों से आए हजारों भिक्षुओं ने एक साथ पाली त्रिपिटक का सामूहिक पाठ शुरू किया। “नमो तस्स भगवतो…” की गूंज से कालचक्र मैदान, महाबोधि महाविहार और पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
चैंटिंग के बाद मंच पर भव्य भोजन दान किया गया।

सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां

शाम 4 बजे शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारत और दक्षिण–पूर्व एशिया के कलाकारों ने मंच को जीवंत कर दिया।
नागपुर की 5 वर्षीय मुदिता सकपाळे ने “बुद्धं शरणं गच्छामि” पर मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुति दी।
थाई, श्रीलंकाई, म्यांमार और भूटानी कलाकारों के नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे।
पावा द्वारा रचित समारोह का विशेष थीम सॉन्ग आज के कार्यक्रम की जान बना।

आज का दिन: बोधगया में धम्म की अद्वितीय अनुभूति

आज के शुभारंभ ने यह स्पष्ट कर दिया कि 2 से 12 दिसंबर तक चलने वाला यह 11 दिवसीय आयोजन सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वैश्विक सद्भाव, संस्कृति और आध्यात्मिकता का सबसे बड़ा संगम है।
आज की विशाल भीड़, अनुशासन, अंतरराष्ट्रीय भागीदारी और आध्यात्मिक ऊष्मा ने बोधगया को एक बार फिर विश्व शांति का केंद्र बना दिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

📰 Latest:
धान के बोरों में छिपा था एक करोड़ का गांजा! डोभी चेकपोस्ट पर 311 किलो से अधिक गांजा जब्त, सुपौल का तस्कर गिरफ्तार | गया-कोडरमा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत, पहचान में जुटी पुलिस | गया जंक्शन पर ‘लेडी चोर गैंग’ का पर्दाफाश: मंगलसूत्र और मोबाइल के साथ 4 शातिर महिलाएं गिरफ्तार, पटना से जुड़े हैं तार | गया में मारपीट के चार दिन बाद 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, गर्दन पर मिले चोट के निशान; पुलिस जांच में जुटी | गया में खौफनाक सड़क हादसा: पलटी स्कॉर्पियो पर गिरा बिजली का तार, फिर जो हुआ वो किसी चमत्कार से कम नहीं | गया लूटकांड का सनसनीखेज खुलासा: आंखों में मिर्च झोंक दागी थीं गोलियां, मास्टरमाइंड कोई और नहीं… अपना ही ड्राइवर निकला; 3 गिरफ्तार | दीपावली-छठ पर रेलवे की सौगात: गया समेत बिहार के 5 शहरों के लिए चलेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा टाइम-टेबल | पोक्सो एक्ट के मामले में चाकंद पुलिस की कार्रवाई, नामजद आरोपी कृष्ण यादव को गिरफ्तार कर भेजा जेल | अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस से गिरकर युवक की मौत, टनकुप्पा के पास रेलवे ट्रैक पर मिला शव | गया में नया साइबर फ्रॉड: पुलिस अधिकारी बनकर कॉल कर रहे ठग, एससीआरबी पोर्टल की एफआईआर से निकाल रहे डेटा |