मगध लाइव न्यूज़ | बेलागंज
बिहार कांग्रेस के दिग्गज नेता, राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह का गुरुवार को पटना से गयाजी जाने के क्रम में बेलागंज में भव्य स्वागत किया गया। महाबोधि कॉलेज के समीप पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और कॉलेज कर्मियों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों और नेताओं में गजब का उत्साह देखा गया, जिन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई।
श्रीबाबू की जयंती समारोह की तैयारी जोरों पर इस स्वागत कार्यक्रम के दौरान डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह के गया दौरे का मुख्य उद्देश्य भी सामने आया। नेताओं ने बताया कि आगामी 25 अक्टूबर 2026 को पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्रीबाबू) की जयंती भव्य स्तर पर मनाई जानी है। इसी कड़ी में डॉ. सिंह गयाजी के आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे हैं। वे जिले के लोगों से सीधा संवाद कर जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचने का पुरजोर आह्वान करेंगे।
महाबोधि कॉलेज के शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन एक तरफ जहां राजनीतिक सरगर्मी तेज रही, वहीं दूसरी तरफ शिक्षा जगत से जुड़ी समस्याओं की ओर भी पूर्व केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया। महाबोधि कॉलेज के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने संबद्ध अनुदानित डिग्री कॉलेजों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उपस्थित लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया और आश्वस्त किया कि श्रीबाबू की जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए बेलागंज और गया से भारी संख्या में लोग पटना के बापू सभागार पहुंचेंगे।
दिग्गज नेताओं और शिक्षाविदों का रहा जमावड़ा पूर्व केंद्रीय मंत्री के स्वागत समारोह में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो. विजय कुमार मिट्ठू और महाबोधि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने प्रमुख भूमिका निभाई। इसके अलावा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रिंस कुमार, वरिष्ठ नेता राम विनय शर्मा, नोनू सिंह, उपेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार शर्मा और ललन दास सहित प्रो. अमरेंद्र कुमार सिंह मंटू, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, प्रो. सुनील कुमार, प्रो. अजय कुमार, प्रो. बृजेश कुमार, प्रो. रणजीत भारद्वाज, निमिष भारद्वाज, अशोक शर्मा, अभिषेक कुमार एवं माहेश्वर शर्मा जैसे कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







