मगध लाइव न्यूज़ डेस्क
विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए एक शानदार अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने 31 अक्टूबर को बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मंदिर परिसर के एक-एक हिस्से को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने में कोई कोर-कसर न छोड़ी जाए।
रात के अंधेरे में भी दूर से दिखेगी महाबोधि मंदिर की भव्यता निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर की प्रकाश व्यवस्था को और भी अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि महाबोधि मंदिर के शीर्ष भाग यानी मुख्य गुंबद पर पड़ने वाली आकर्षक रोशनी की समयावधि बढ़ाई जाए और इसे पूरी रात जलाए रखा जाए। इस अहम पहल से रात के समय दूर से भी मंदिर की भव्यता और अलौकिक सुंदरता स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। बोधगया की अंतरराष्ट्रीय पहचान को देखते हुए इस कदम को पर्यटकों के आकर्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चप्पे-चप्पे पर होगी नजर, साफ-सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने के लिए डीएम ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की। यह जानकारी मिलने पर कि लगभग सभी कैमरे काम कर रहे हैं, जिलाधिकारी ने उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने और तकनीकी खराबी आने पर उसे तत्काल ठीक कराने का सख्त निर्देश दिया। इसके अलावा, परिसर की साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया गया कि यह केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित न रहे। परिसर में कहीं भी कूड़ा-कचरा या जलजमाव नहीं होना चाहिए। शौचालयों की स्वच्छता और तालाबों की नियमित सफाई की भी सख्त हिदायत दी गई है ताकि पर्यटकों को जरा सी भी गंदगी नजर न आए।
आकर्षक रंग-रोगन से निखरेगा परिसर का स्वरूप मंदिर के सौंदर्य को और निखारने के लिए परिसर के संपूर्ण क्षेत्र में एकरूप और आकर्षक रंग-रोगन कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही टूटे हुए टाइल्स की मरम्मत, अनावश्यक वनस्पतियों व झाड़ियों की कटाई और आवश्यक जगहों पर नए साइनेज लगाने का काम भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस विस्तृत निरीक्षण के मौके पर अपर समाहर्ता, बीटीएमसी के प्रभारी सचिव, केयरटेकर मॉन्क और नगर परिषद बोधगया के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें इन निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।







