मगध लाइव न्यूज़ | महताब अंसारी
कोंच (गया)। आंती थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महेंद्र चौधरी और उसकी पत्नी सुनीता देवी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी में कुल 140 लीटर महुआ शराब और अर्धनिर्मित शराब का घोल जब्त किया गया।
आंती थानाध्यक्ष दीपक कुमार राव के अनुसार, एसआई शंकर पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महमूदपुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान दंपती के झोपड़ीनुमा घर से 15 लीटर तथा भूसे वाले घर से 15 लीटर तैयार देसी महुआ शराब बरामद हुई। वहीं, घर में मिट्टी खोदकर अलग-अलग डिब्बों में छिपाकर रखे गए 110 लीटर अर्धनिर्मित महुआ शराब का घोल भी मिला।
पुलिस ने इस मामले में आंती थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।







