मगध लाइव न्यूज़ संवाददाता | कुलदीप कुमार
गया जिले के अतरी प्रखंड अंतर्गत टेउसा बाजार में मंगलवार को एक टोटो पलटने से बड़ा हादसा हो गया। आरामशीन के पास हुई इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में दो लोगों के पैर फ्रैक्चर हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति का हाथ टूट गया। घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
टोटो पर सवार थे बेला मोहनपुर के लोग, कई को गंभीर चोटें

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त टोटो पर सवार चार लोग बेला मोहनपुर गांव के रहने वाले थे। हादसे में राजेंद्र चौधरी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।
112 पुलिस टीम ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही अतरी की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए अतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, टोटो किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटा और दुर्घटना कैसे हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।






