मगध लाइव संवाददाता | धनबाद:
रेलवे के रास्ते नशे के काले कारोबार पर सुरक्षा एजेंसियों ने करारा प्रहार किया है। ‘ऑपरेशन नार्कोस’ (Operation NARCOS) के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF), सीआईबी (CIB) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने एक बड़े सिंडिकेट की कमर तोड़ते हुए करीब 44 किलो (43.94 किलोग्राम) गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की कीमत लगभग 22 लाख रुपये (21.97 लाख) आंकी जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर धनबाद आरपीएफ के इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया, “18 अगस्त को आरपीएफ, सीआईबी और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के हावड़ा छोर पर तीन संदिग्ध व्यक्ति अपने सामान (ट्रॉली और पिट्ठू बैग) के साथ बैठे नजर आए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख वे भागने लगे। हमारी टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक साथी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। तलाशी में उनके बैग से 41 पैकेट गांजा बरामद हुआ है। आगे की कानूनी कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जा रही है।”
प्रीमियम ट्रेनों में ‘वीआईपी’ यात्री बनकर करते थे सफर

जांच में तस्करों के काम करने के तरीके (Modus Operandi) ने पुलिस को भी चौंका दिया है। पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर आम ट्रेनों के बजाय सीधे तेजस राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों का इस्तेमाल करते थे। आरोपी एसी कोच (AC Coach) का कंफर्म टिकट लेकर बिल्कुल सामान्य और वीआईपी यात्रियों की तरह सफर करते थे, ताकि किसी को उनके भारी-भरकम ट्रॉली बैग्स पर शक न हो।
बारिश ने बिगाड़ा प्लान और धरे गए तस्कर
18 अगस्त की रात हुई तेज बारिश ने तस्करों का पूरा गेम प्लान फेल कर दिया। बारिश के कारण वे लेट हुए और उनकी पटना जाने वाली ट्रेन छूट गई। इसके बाद वे सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म के आखिरी छोर पर छिपे बैठे थे, तभी गश्ती कर रहे जवानों की पैनी नजर उन पर पड़ गई और वे पकड़े गए।
महज 6 हजार रुपये के लिए बने थे कूरियर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील चौधरी (50 वर्ष, आदर्श कॉलोनी, नवादा, आरा) और उमेश कुमार राय (36 वर्ष, टीटागढ़, पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी का नाम अनिल सिंह (50 वर्ष, कौरा, नवादा, आरा) बताया जा रहा है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की तलाश तेज
यह पूरी कार्रवाई राजपत्रित अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार की मौजूदगी में हुई। आरपीएफ की लिखित शिकायत पर जीआरपी धनबाद में कांड संख्या 154/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(b)(ii), 29 और बीएनएस (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अब फरार अनिल सिंह की तलाश कर रही है ताकि भुवनेश्वर से भोजपुर तक फैले इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।







