मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | गयाजी
गया जंक्शन पर रेल यात्रियों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं के पास से चोरी का सोने का मंगलसूत्र और तीन कीमती एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संदिग्ध हालत में पकड़ी गईं
यह पूरी कार्रवाई उस वक्त हुई जब रेलवे सुरक्षा बल, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की टीम गया स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए संयुक्त गश्त कर रही थी। गश्ती दल जब जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के दिल्ली छोर की तरफ पहुंचा, तो वहां चार महिलाएं बेहद संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं। पुलिस टीम ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेरे में लिया और पूछताछ शुरू की। जब जीआरपी की महिला सिपाहियों द्वारा उनकी सघन तलाशी ली गई, तो उनके पास से 8.30 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र और रेल यात्रियों के चुराए गए तीन स्मार्टफोन बरामद हुए।
पटना के सुल्तानगंज से जुड़ा है अपराधियों का कनेक्शन

पकड़ी गई महिलाओं ने कड़ाई से पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि वे रेल यात्रियों का ही कीमती सामान चुराती थीं। आरोपियों की पहचान सायरा खातून, समीमा खातून, नजिया खातून और रजिया खातून के रूप में हुई है। ये चारों महिलाएं पटना जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसल्लहपुर हाट के ‘दरगाह पर’ इलाके की रहने वाली हैं। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से त्योहारी भीड़भाड़ में सफर करने वाली महिला यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
जीआरपी थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस सफल अभियान में आरपीएफ के उप-निरीक्षक इंद्र कुमार, जीआरपी के पुलिस अवर निरीक्षक पप्पू पासवान समेत कई महिला और पुरुष जवानों की अहम भूमिका रही। बरामद माल और गिरफ्तार महिलाओं को जीआरपी थाना गया लाया गया। यहां उप-निरीक्षक इंद्र कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 (5) और 03 (5) के तहत कांड संख्या 277/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।






