मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | फतेहपुर (गया)
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बैजदा गांव के समीप स्थित बिरजा आहर में 28 वर्षीय विवाहिता का शव पानी में तैरता हुआ बरामद किया गया। मृतका की पहचान शिंपी कुमारी के रूप में हुई है। महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने और सिर के पास से खून रिसने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया शव

घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार की देर शाम फतेहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को आहार के पानी से बाहर निकलवाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पति ने गोतनी पर लगाया मारपीट का आरोप
मृतका के पति सिंटू प्रसाद के अनुसार, वर्ष 2012 में उसकी शादी सिरदला थाना क्षेत्र के मूर्तियां गांव निवासी शिंपी कुमारी से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पति कोलकाता में मजदूरी करता है। सिंटू प्रसाद ने आरोप लगाया कि रविवार को उसकी पत्नी के साथ उसकी बड़ी और मंझली गोतनी ने मारपीट की थी, जिसके बाद वह घर से निकल गई थी। पति का यह भी दावा है कि इससे पहले भी उसकी पत्नी के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। पति ने बताया कि सोमवार की सुबह वह कोलकाता से पत्नी की तलाश में पहुंचा था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच दोपहर में मायके से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित बिरजा आहर में उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला।
ससुराल से निकलकर मायके जाने की भी चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि कथित मारपीट की घटना के बाद शिंपी अपने ससुराल से निकलकर मायके पहुंची थी। हालांकि, वह मायके स्थित अपने घर गई थी या नहीं, इस संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगा। इस मामले में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।







