मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | गया
त्योहारी सीजन हो या आम दिन, कन्फर्म तत्काल टिकट पाना किसी जंग जीतने से कम नहीं होता। लेकिन आम यात्रियों की इसी मजबूरी का फायदा उठाकर दलाल अपनी जेबें भर रहे हैं। गया रेलवे स्टेशन पर ऐसे ही एक गोरखधंधे का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत तत्काल टिकट की कालाबाजारी करते हुए एक शातिर दलाल को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से स्टेशन परिसर में सक्रिय अवैध टिकट एजेंटों में हड़कंप मचा हुआ है।

बुकिंग काउंटर पर बिछाया गया जाल आरपीएफ के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के सख्त निर्देश पर उप-निरीक्षक इंद्र कुमार की विशेष टीम स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर सादे लिबास में मुस्तैद थी। तत्काल टिकट बुकिंग के पीक समय के दौरान उनकी नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी, जो टिकट कटवाकर तेजी से निकलने की फिराक में था। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर-दबोचा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बेलागंज के दादपुर निवासी 30 वर्षीय अमित कुमार के रूप में दी। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करने लगा, लेकिन जब आरपीएफ ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस अवैध ‘टिकट सिंडिकेट’ का पूरा सच उगल दिया।
500 रुपये के कमीशन का लालच और बेगानी आईडी शातिर अमित ने कबूल किया कि वह सीधे-सादे और जरूरतमंद यात्रियों को कन्फर्म टिकट दिलाने का ऑर्डर लेता था और हर टिकट के एवज में 200 से 500 रुपये तक का तगड़ा कमीशन वसूलता था। मौके पर उसकी तलाशी लेने पर नई दिल्ली से गया आने वाली ट्रेन (संख्या 22812) का एक 3rd AC तत्काल टिकट मिला, जिसकी कीमत 2425 रुपये है। हैरानी की बात यह थी कि उसने यह टिकट ‘रेहान’ नाम के किसी शख्स के लिए दलाली लेकर, खुद का मोबाइल नंबर देकर बुक किया था। इसके अलावा, उसके पास से एक खाली आरक्षण फॉर्म और एक ‘नथिंग’ (Nothing) कंपनी का स्मार्टफोन भी बरामद किया गया।
रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज, अब नेटवर्क की तलाश अवैध वसूली और रेल टिकट की कालाबाजारी के इस पक्के सुबूत के बाद आरपीएफ ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उप-निरीक्षक इंद्र कुमार की शिकायत पर रेलवे अधिनियम (Railway Act) की धारा 143 के तहत अपराध संख्या 2306/26 दर्ज कर लिया गया है। आरपीएफ अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इस शातिर दलाल के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ तो नहीं है और स्टेशन पर इसके अन्य कौन-कौन से साथी सक्रिय हैं।







