न्यूज शेयर करें

मनोज कुमार, फतेहपुर


गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के साहपोखर गांव में 35 साल की विवाहिता की शनिवार की रात संदेहास्पद स्थिति में मौत के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के भतीजे निरंजन कुमार ने संगीता कुमारी(मृतका) के ससुराल वालों पर पीट पीटकर हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया है। निरंजन के बयान पर मृतका के पति, सास, ससुर एवं गोतनी समेत पांच पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के ससुर बाढ़ो पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया भेज दिया। निरंजन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि संगीता देवी का मायका मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पड़ता है। संगीता का विवाह 2014 में बाढ़ो पासवान के पुत्र बिरजु पासवान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही संगीता के साथ मारपीट किया जा रहा था। पिछले माह ही ससुराल वालों ने मारपीट कर हाथ तोड़ दिया था। शनिवार की शाम मायके में संगीता देवी ने फोन किया था। कुछ देर बात होने के बाद संगीता देवी की फोन पर आवाज आना बंद हो गया। अनहोनी की आशंका पर रात में ही साहपोखर गांव पहुंचा तो देखा कि घर में संगीता का शव पड़ा हुआ था। वही उसके शरीर पर चोट के निशान थे। थाना प्रभारी कुमार सौरभ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत कैसे हुई इसका पता चल सकेगा। जबकि आरोपी पक्ष के लोगों का कहना है कि संगीता ने जहर खाकर आत्महत्या की है।

Categorized in:

Crime, Gaya, MAGADH LIVE NEWS,

Last Update: September 10, 2023

Tagged in:

,