महताब अंसारी संवाददाता | कोंच
कोंच। गया जिले के आंती थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय आरोपी को प्राथमिकी दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
पीड़िता की मां के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को पीड़िता की मां ने आंती थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी 16 वर्षीय बेटी बकरी बांधने के लिए बधार गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसका मुंह दुपट्टे से बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में आरोपी पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। आवेदन के आधार पर आंती थाना कांड संख्या 120/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर टिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में आंती थानाध्यक्ष दीपक कुमार राव, अनुसंधानकर्ता मीरा कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को चबूरा पंचायत के एक गांव से गिरफ्तार कर लिया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को जुटाते हुए अनुसंधान जारी है। जांच पूरी होने के बाद शीघ्र ही आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कानून के अनुसार सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में होने वाली न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।







