महताब अंसारी की रिपोर्ट
गया। गया जिले के सरबहदा अंचल में कार्यरत पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) धनंजय कुमार का गुरुवार को हृदयाघात से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। सहकर्मियों, अधिकारियों तथा क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन को पुलिस महकमे के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। जानकारी के अनुसार, धनंजय कुमार वर्ष 2009 बैच के पुलिस पदाधिकारी थे। वे नालंदा जिले के राजगीर अनुमंडल अंतर्गत गिरियक गांव के निवासी थे। अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और अपने कार्यों से विभाग में विशिष्ट पहचान बनाई। सहकर्मियों के अनुसार, धनंजय कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और व्यवहार कुशल अधिकारी थे। वे अपने सौम्य स्वभाव और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए भी जाने जाते थे। जहां भी उनकी तैनाती रही, उन्होंने अपनी कार्यशैली से लोगों का विश्वास और सम्मान अर्जित किया। गया पुलिस द्वारा जारी शोक संदेश में दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की गई है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुखद घड़ी में संबल दें।धनंजय कुमार के निधन पर पुलिस अधिकारियों, जवानों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।






