न्यूज शेयर करें
आरोपी पति (फाइल फोटो)

बोधगया थाना क्षेत्र के श्मशानघाट से एक मृत महिला के पति व उसके ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मृतका के मायके वालों का कहना है कि दहेज के लिए पार्वती के पति ने उसकी हत्या कर दी है। हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया ताकि लोग समझ सकें कि पार्वती ने आत्महत्या की है।
पुलिस का कहना है कि महिला का शव श्मशान घाट में जलाया जा रहा था। शव जल चुका था। तभी पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में पति नवनीत कुमार और ससुर ब्रजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की मां गीता देवी ने दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। मृतका आठ माह की गर्भवती थी। उसे 16 माह का एक लड़का भी है। मायके वालों का आरोप है कि 16 माह के बच्चे को ससुराल वाले लेकर फरार हैं।

मृतका की ससुराल नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के भदसेनी गांव है। वो अपने अपने ससुराल वालो के साथ बोधगया के वास्तु विहार में रह रही थी। इधर बोधगया थानाध्यक्ष ने राज कुमार ने बताया कि इस मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतका के पति व उसके ससुर को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका का पति नवनीत फिजियोथेरेपिस्ट का काम करता है। उसकी शादी पार्वती से 2021 में हुई थी। इधर मायके वालों का आरोप है शादी के बाद से ही दहेज के लिए पार्वती को प्रताड़ित किया जा रहा था।

Categorized in:

Crime, Gaya,

Last Update: December 11, 2023