मगध अपडेट बिहार राजनीति क्राइम शिक्षा खेल नौकरी धर्म

पीएम मोदी देंगे बिहार को बड़ी सौगात, मिलेगा देश का पहला सबसे चौड़ा छह लेन पुल और बुद्ध सर्किट से जुड़ी ट्रेन

On: Thursday, August 21, 2025 4:18 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गया में आयोजित जनसभा के दौरान बिहार को कई बड़ी सौगातें देंगे। इनमें दो परियोजनाएं खास तौर पर सुर्खियों में हैं—पहली, गंगा नदी पर देश का सबसे चौड़ा छह लेन पुल और दूसरी, बिहार-झारखंड के सभी प्रमुख बौद्ध स्थलों को जोड़ने वाली नई ट्रेन।

गंगा पर बनेगा देश का सबसे चौड़ा छह लेन पुल

बेगूसराय के सिमरिया से मोकामा के औटा तक बना यह पुल अत्याधुनिक एक्सपैंशन केबल तकनीक से निर्मित है। यह पुल पुराने दो लेन रेल-सह-सड़क राजेंद्र सेतु के समानांतर बनाया गया है। सिमरिया धाम, जो राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जन्मभूमि है, इसी क्षेत्र में स्थित है।

इस पुल की कुल लंबाई एप्रोच सहित 8.150 किमी है, जिसमें से 1.86 किमी हिस्सा गंगा नदी पर है। इसकी चौड़ाई 34 मीटर है, जो सामान्य छह लेन पुल (29.5 मीटर) से साढ़े चार मीटर अधिक है। इस पर 1,871 करोड़ रुपये की लागत आई है।

पुल चालू होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार की दूरी लगभग 100 किमी कम हो जाएगी। साथ ही पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम के बीच परिवहन और व्यापारिक आवागमन भी आसान होगा। यह पुल हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत बनाया गया है, जिसमें 60% लागत निर्माण एजेंसी और 40% केंद्र सरकार वहन करती है।

गंगा पर पुलों का नया नेटवर्क

2005 तक गंगा पर केवल 4 बड़े पुल थे, लेकिन पिछले 19 वर्षों में 14 नए पुल तैयार किए जा चुके हैं। वहीं, 9 पुलों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें दीघवारा-शेरपुर छह लेन पुल, महात्मा गांधी सेतु के समानांतर चार लेन पुल, कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल और विक्रमशीला के समानांतर चार लेन पुल प्रमुख हैं। इसके साथ ही गंगा पर प्रस्तावित 15वां पुल मटिहानी-शाम्हो होगा, जिसकी डीपीआर स्वीकृति की प्रक्रिया में है।

बुद्ध सर्किट को जोड़ने वाली नई ट्रेन

प्रधानमंत्री मोदी बुद्ध सर्किट को समर्पित एक विशेष ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन वैशाली से कोडरमा (झारखंड) तक चलेगी और मार्ग में हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, नालंदा, राजगीर, गया, गुरपा सहित प्रमुख बौद्ध स्थलों को जोड़ेगी।

नई ट्रेन सुबह 5:15 बजे वैशाली से खुलकर दोपहर 3:15 बजे कोडरमा पहुंचेगी, जबकि वापसी यात्रा शाम 4:45 बजे कोडरमा से शुरू होकर रात 2:45 बजे वैशाली लौटेगी।

बिहार के विकास की नई रफ्तार

विशेषज्ञों के अनुसार, यह छह लेन पुल और बुद्ध सर्किट ट्रेन न केवल सड़क और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे, बल्कि बिहार के आर्थिक विकास, धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय व्यापार में भी नई ऊर्जा का संचार करेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

📰 Latest:
नशा मुक्त गया कॉलेज: ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ कार्यक्रम में युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प, विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ जीवन के मूलमंत्र | Gaya News: अब सभी प्रखंड मुख्यालयों में मिलेगी मुफ्त ECG जांच की सुविधा, ग्रामीण मरीजों के समय और पैसे की होगी बचत | पितृपक्ष महासंगम 2026: गया में ‘पितृवाटिका’ की अनूठी पहल, पूर्वजों की स्मृति में खटकाचक में रोपे गए 41 पौधे | पितृपक्ष मेला 2026: गया DM शशांक शुभंकर ने पेश की मिसाल, खुद ई-रिक्शा से पहुंचे विष्णुपद; मेला क्षेत्र बना ‘नो व्हीकल Zone’ | अतरी के टेउसा बाजार में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, भव्य भंडारे के साथ अखंड महायज्ञ का समापन | पत्रकारिता के पुरोधा और ‘मगध लाइव’ के संपादक देवब्रत मंडल के निधन से शोक की लहर, युवा समाजसेवी आकाश प्रियदर्शी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि | महादेव स्थान टेउसा में गूंजा ‘हरे राम-हरे कृष्ण’, भव्य अखंड कार्यक्रम से भक्तिमय हुआ अतरी का माहौल | चुनाव आयोग के खिलाफ गया में RJD का बड़ा प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका; जानें पूरा मामला | पितृपक्ष मेला 2026: गया जी में तकनीक और आस्था का अद्भुत संगम, श्रद्धालुओं के लिए बने हाईटेक इंतजाम, जानिए क्या है खास | पितृपक्ष मेला 2026: ‘अतिथि देवो भव’ के भाव से हो श्रद्धालुओं का स्वागत, गयाजी में बोले सीएम सम्राट चौधरी; 3500 करोड़ से संवरेगा विष्णुपद कॉरिडोर |