मगध लाइव न्यूज़ संवाददाता | बेलागंज
बेलागंज थाना क्षेत्र के हनुमान नगर में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लिए। गृहस्वामी चंदन कुमार 11 अक्टूबर को घर बंद कर पटना गए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसी से सूचना मिलने पर पहुंचे तो आंगन की ग्रिल और कमरों के ताले टूटे मिले।
चोर दिवंगत माता-पिता और पत्नी के आभूषण, करीब चार लाख रुपये के पीतल, कांसा व स्टील के बर्तन तथा 75 से 80 चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गए। सूचना पर डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गृहस्वामी ने थाने में लिखित आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।






