महताब अंसारी संवाददाता | कोंच
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप खपाने की कोशिश में लगे हैं। इसी कड़ी में गया जिले की पुलिस ने शराब माफियाओं के एक बड़े मंसूबे पर पानी फेर दिया है। बहेरा थाना क्षेत्र के धीरजापुल स्थित अस्थायी जांच चौकी पर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बीयर की खेप बरामद की है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब को चावल की बोरियों के बीच बेहद शातिराना तरीके से छिपा रखा था।
चावल की आड़ में चल रहा था शराब का अवैध कारोबार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धीरजापुल जांच चौकी पर पुलिस टीम मुस्तैदी से वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक डीसीएम ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-26GB-2226) को संदेह के आधार पर रोका गया। जब पुलिस ने ट्रक के डाले की तलाशी ली, तो ऊपर से सिर्फ चावल की बोरियां नजर आ रही थीं। लेकिन बारीकी से जांच करने पर चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 117 लीटर अवैध विदेशी शराब और 12 लीटर बीयर बरामद हुई।
जहानाबाद के रहने वाले हैं दोनों गिरफ्तार तस्कर शराब की बरामदगी होते ही पुलिस ने ट्रक को तुरंत जब्त कर लिया और मौके से ट्रक चालक सहित दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र निवासी राजाराम शर्मा और शकूराबाद थाना क्षेत्र निवासी दीपक दास के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस बात का खुलासा हो सके कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पर सप्लाई किया जाना था।
सिंडिकेट की जड़ें खंगालने में जुटी पुलिस धीरजापुल जांच चौकी पर हुई इस कार्रवाई को गया पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब्त की गई शराब और ट्रक के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की कुंडली भी खंगाल रही है। विस्तृत जांच और अनुसंधान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की तैयारी है।







