
मगध लाइव न्यूज़ डेस्क | गयाजी
बिहार की पावन भूमि गयाजी में विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 का भव्य शुभारंभ हो चुका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी पहुंचकर भगवान विष्णुपद के दर्शन-पूजन किए और पूरे प्रदेश की सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने देव घाट का गहन निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया तथा टेंट सिटी का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि देश-दुनिया से आ रहे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि बिहार की मूल पहचान ‘अतिथि देवो भव’ की रही है, इसलिए यहां आने वाले हर एक श्रद्धालु का आदर-सत्कार और आत्मीयता से स्वागत किया जाना चाहिए।
3,500 करोड़ रुपये से बदलेगी गयाजी की सूरत, कॉरिडोर और सोन-फल्गु लिंक परियोजना की बड़ी सौगात


संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने गयाजी के सर्वांगीण विकास के लिए ऐतिहासिक योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विष्णुपद कॉरिडोर के विकास पर कुल 3,500 करोड़ रुपये खर्च कर रही हैं, जिसमें अकेले 2,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे कॉरिडोर निर्माण के लिए प्रस्तावित है। यह राज्य में किसी भी धार्मिक स्थल के कायाकल्प के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं को फल्गु नदी में जल की कमी न हो, इसके लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से सोन नदी का पानी फल्गु नदी में लाने की दूरगामी योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई उड़ान

गयाजी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर शीर्ष पर लाने के उद्देश्य से सरकार इसे जल्द ही खाड़ी देशों, थाईलैंड, इंडोनेशिया और बैंकॉक जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय स्थलों से सीधे हवाई मार्ग से जोड़ने जा रही है। इससे विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आवागमन में सुगमता होगी। वहीं, बोधगया में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) के जरिए इसी वर्ष अक्टूबर से करीब 20,000 करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश धरातल पर उतरना शुरू हो जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अभूतपूर्व अवसर सृजित होंगे।
विशेष लिफाफे, पुस्तक का विमोचन और स्थानीय परंपराओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डाक विभाग द्वारा जारी विशेष डाक लिफाफे, पंडा समाज द्वारा रचित पुस्तक ‘पावन तीर्थ गयाजी’ का विमोचन किया। साथ ही, मानपुर पटवा टोली के बुनकरों द्वारा तैयार ‘गयाजी धाम अंगवस्त्र’ का लोकार्पण भी किया गया। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव समेत बिहार सरकार के तमाम वरिष्ठ मंत्री, विधायक, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आम जनता से भी अपील की कि वे मिलकर आगंतुक श्रद्धालुओं को बिहार की समृद्ध आतिथ्य परंपरा का अहसास कराएं।







