महताब अंसारी
गया। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत मंगलवार को राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया जाएगा। इसी क्रम में गया जिले के 7 प्रखंडों में भी डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने घर के निकट ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इन नए डिग्री कॉलेजों के खुलने से विशेष रूप से छात्राओं को लाभ होगा। अब उन्हें स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच और अधिक आसान होगी। उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के मंत्री, विधायक, शिक्षाविद्, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
इन प्रखंडों में होगा डिग्री कॉलेज का उद्घाटन
मोहड़ा प्रखंड: उच्च विद्यालय सेवतर मोहड़ा में स्थापित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन होगा। समारोह में बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कोंच प्रखंड: गांधी प्लस टू उच्च विद्यालय, कोंच में डिग्री कॉलेज की शुरुआत होगी। उद्घाटन समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल होंगे।
नीमचक बथानी प्रखंड: उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मई में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में अतरी विधायक रोमित कुमार मौजूद रहेंगे।
मोहनपुर प्रखंड: प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय में डिग्री कॉलेज का उद्घाटन होगा। समारोह में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी भाग लेंगी।
बांके बाजार प्रखंड: उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सैफगंज में डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम में इमामगंज विधायक दीपा मांझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
डुमरिया प्रखंड: मध्य विद्यालय शिवनगर, डुमरिया में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर विधायक दीपा मांझी भी मौजूद रहेंगी।
अतरी प्रखंड: श्री जगदीश चंद्र उच्च विद्यालय, टेटूआ में डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के कुलपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।
बिहार सरकार की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे हजारों छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।







