मगध अपडेट बिहार राजनीति क्राइम शिक्षा खेल नौकरी धर्म

गयाजी में ओझा-गुणी के शक में अधेड़ की निर्मम हत्या, गांव में तनाव; संगठित भीड़ ने आधी रात को बोला था हमला

On: Thursday, June 4, 2026 3:27 PM

गया। जिला मुख्यालय से महज आठ किलोमीटर की दूरी पर बसा बंधुआ महादलित टोला ‘शांति नगर’ अंधविश्वास के खूनी खेल का गवाह बना है। यहाँ महज ओझा-गुणी और डायन-भूत के शक में एक उग्र भीड़ ने 55 वर्षीय राजेंद्र मांझी (पिता- स्वर्गीय राजा मांझी) की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह हृदयविदारक घटना मृतक के परिजनों के सामने ही अंजाम दी गई। परिजन चीखते-चिल्लाते रहे, मिन्नतें करते रहे, लेकिन खून पर सवार उग्र भीड़ का दिल नहीं पसीजा। शांति नगर में लगभग 100 घर महादलित परिवार के हैं, लेकिन बुधवार की आधी रात को हुई इस बर्बरता को रोकने के लिए कोई आगे नहीं आया।

रोते बिलखते परिजन

हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुफ़्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस टोले में आरोपियों ने राजेंद्र मांझी की हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने की कोशिश की। उन्होंने शव को पास ही स्थित गया-धनबाद रेलखंड पर बंधुआ स्टेशन से करीब एक किलोमीटर उत्तर रेल पटरी पर फेंक दिया। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से शव क्षत-वििक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ़्सिल थाना के अपर थाना अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान खान और डीएसपी सुनील कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों (सुरेंद्र मांझी और उसकी पत्नी कारी देवी) को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।

मृतक के बेटे ने 13 लोगों को बनाया नामजद आरोपी

प्रभारी थाना अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने बताया कि इस विवाद की शुरुआत करीब 8-10 दिन पहले हुई थी, जब गांव के ही टुनटुन मांझी का 13 वर्षीय बेटा ताड़ के पेड़ से गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी। इस हादसे को अंधविश्वास का रंग देते हुए गांव के ही एक गुट ने राजेंद्र मांझी पर ओझा-गुणी और तांत्रिक क्रिया करने का झूठा आरोप मढ़ दिया।
बुधवार की रात 15 से 20 की संख्या में लोग लाठी, डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर राजेंद्र के घर में घुस गए। घर के आंगन और दरवाजे पर खून के काफी धब्बे मिले हैं, जो यह बयां करते हैं कि राजेंद्र को तड़पा-तड़पा कर मारा गया। इस मामले में मृतक के बेटे अनुज कुमार के बयान पर कुल 13 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

तकनीक के दौर में अंधविश्वास का काला साया

आज का समाज जहां 21वीं सदी, सोशल मीडिया और सूचना तकनीक (IT) की ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं जमीनी हकीकत यह है कि लोग आज भी इस कदर अंधविश्वास के अंधेरे में जी रहे हैं। किसी हादसे या बीमारी का वैज्ञानिक कारण समझने के बजाय सीधे किसी बेगुनाह को डायन या ओझा ठहराकर उसकी जान ले ली जाती है।
गौरतलब है कि गया जिले में यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ ही दिन पूर्व गया के फतेहपुर थाना क्षेत्र में भी दो महिलाओं की डायन और ओझा-गुणी के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि हम तकनीकी रूप से जितने आधुनिक हो रहे हैं, क्या मानसिक रूप से उतने ही पीछे छूटते जा रहे हैं? फिलहाल पुलिस के डर से गांव के अन्य आरोपी पुरुष फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

📰 Latest:
1300 किलोमीटर दूर भटके बुजुर्ग को गया के युवक ने पहुंचाया घर, पोते की आंखों से छलके आंसू | पोस्टमार्टम हाउस में शवों की अदला-बदली से मचा हड़कंप, परिजनों के पहुंचने तक चिता पर जल चुका था मृतक | बिजली तार चोरों का आतंक, 35 पोल से हजारों फीट तार गायब, ग्रामीणों और विभाग की बढ़ी चिंता | गया पितृपक्ष मेला 2026: ‘हम्मर मगध’ सेमिनार में गूंजी मगही की मिठास, डीएम ने ठेठ अंदाज में कहा- ‘मगही हमर पहचान’ | पितृपक्ष मेले से पहले गया में ‘हम्मर मगध’ का भव्य शंखनाद: ऐतिहासिक धरोहर और लोक-संस्कृति का होगा अनूठा संगम, डीएम ने की खास अपील | गया जंक्शन पर वन्यजीव तस्करों का खेल नाकाम: दून एक्सप्रेस से 45 जिंदा कछुए बरामद, लावारिस बैग में मिला जखीरा | बाल्टी में सांप और तड़पती पत्नी लेकर अस्पताल पहुंचा शख्स, फिर जो हुआ वो कर देगा हैरान | जहानाबाद में मौत के सौदागरों का भंडाफोड़: 50 लाख की नकली दवा और कॉस्मेटिक जब्त, पटना-गया तक फैला था सिंडिकेट | सात समंदर पार से मोक्ष की आस: गया जी के पितृपक्ष मेले में 50 से अधिक विदेशी श्रद्धालु करेंगे पिंडदान, भारतीय परिधान में रखेंगे निर्जला व्रत | कोंच में इंसानियत शर्मसार: पानी पीने गई 10 वर्षीय मासूम से 58 वर्षीय अधेड़ ने किया दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज |