गया, 19 जुलाई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन उपलब्ध” अभियान के तहत रेल टिकटों की अवैध दलाली के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को निरीक्षक प्रभारी गया के निर्देश पर उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला के नेतृत्व में आरपीएफ एवं सीपीडीएस की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को तत्काल कोटे का स्लीपर टिकट लेकर जाते हुए रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप कुमार (30 वर्ष), पिता- सुरेश चौधरी, निवासी ग्राम सिंधौल, थाना सिरदला, जिला नवादा के रूप में हुई। जांच के दौरान उसके पास से पीएनआर संख्या 6706806852 का तत्काल स्लीपर टिकट बरामद किया गया, जो 20 जुलाई 2026 की यात्रा के लिए राजगीर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) जाने वाली ट्रेन संख्या 13201 अप का था। टिकट की कीमत 2,865 रुपये बताई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यात्रियों से तत्काल टिकट बनवाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 500 से 1000 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूलता था। उसने यह भी बताया कि तीन यात्रियों के टिकट बनवाने के एवज में उसने ऑनलाइन माध्यम से 4,000 रुपये प्राप्त किए थे। आरपीएफ ने मामले को रेल टिकटों के अवैध कारोबार से जुड़ा पाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। निरीक्षक प्रभारी के निर्देश पर उसके विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा संख्या 1972/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन उपलब्ध के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, टिकट दलाल दबोचा गया
On: Monday, July 20, 2026 9:36 AM







