✍️ देवब्रत मंडल

गया शहर को जाम की समस्याओं से सदा सदा के लिए छुटकारा दिलाने तथा बागेश्वरी रेलवे समपार फाटक संख्या 17/ए के पास बनने जा रहे आरओबी को लेकर प्रशासन बहुत जल्द ही 11(ए) का गजट प्रकाशित करने जा रहा है। इस गजट के प्रकाशन के साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में चल रहा मंथन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर से 16 वीं बार बिहार की यात्रा पर निकलने वाले हैं। इसके पहले प्रगति यात्रा के क्रम में गया जी पहुंचे थे। जिसमें उन्होंने गया जी में बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी बनाने के साथ साथ मानपुर तथा माड़नपुर में फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता महसूस की गई। इसके बाद इस प्रक्रिया में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रही है और उसकी समीक्षा भी हो रही है। अब निर्माण कार्य प्रारंभ करने की दिशा में मंथन किया जा रहा है।
सिक्स मैन कमेटी की रिपोर्ट पर अंतिम मुहर लगना है बाकी
पिछले दिनों बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर बनने जा रहे आरओबी को लेकर एडीएम की अध्यक्षता वाली गठित सिक्स मैन कमेटी में शामिल पदाधिकारियों का एक दल बैरागी, पावरगंज, पहसी तथा बागेश्वरी का निरीक्षण कर कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुका है। जिसपर अंतिम मुहर लगना बाकी है। विभागीय अधिकारी ने बताया कि इस पर कुछ दिनों में अंतिम मुहर लग जाने की संभावना है।
1.867 किमी लंबा होगा आरओबी और बनेंगे 27 पिलर


विभागीय अधिकारियों की मानें तो इस आरओबी के निर्माण कार्य को लेकर ड्राफ्टिंग फाइनल होकर आ गया है। जिसके अनुसार यह आरओबी 1.867 किमी लंबा होगा। बागेश्वरी गुमटी पर बनने वाला आरओबी में एक तरफ 11 तो दूसरी ओर 16 पिलर बनाए जाने हैं। पावरगंज-स्टेशन रोड की तरफ 16 पिलर होंगे जबकि बागेश्वरी की ओर 11 पिलर होंगे। पिलर के साथ-साथ दोनों तरफ एप्रोच रोड भी बनाए जाएंगे।
पुल के दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाए जाएंगे
मिल रही जानकारी के अनुसार इस आरओबी के दोनों ओर पैदल, बाइक से चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए करीब तीन-तीन मीटर सर्विस रोड होंगे। ताकि मोहल्ले के लोगों के साथ आम लोगों को आने जाने में किसी तरह की असुविधा नहीं हो।
अलग से बनाए जाएंगे रैंप वाले एफओबी
जैसा बताया गया है। स्टेशन रोड, रामधनपुर को जोड़ने वाली सड़क(कलाली मोड़ से होते हुए) पटना और गया जी शहर की तरफ से आने जाने वाले लोग बड़े वाहनों से इस आरओबी का इस्तेमाल करेंगे। जिससे जाम की समस्या नहीं रहेगी। वहीं स्टेशन रोड-बागेश्वरी रोड के पूरब दिशा में अलग से एक एफओबी(फुट ओवर ब्रिज) का भी निर्माण किया जाएगा। जो रैंप वॉक की तरह होगा। इसकी चौड़ाई करीब 10 से 12 फीट हो सकती है। जिससे आपात स्थिति में या सामान्य स्थिति (दोनों) में लोग इस एफओबी से पैदल व बाइक से आना जाना कर सकते हैं।






