महताब अंसारी,
कोंच/टिकारी (गया)। टिकारी प्रखंड के अलीपुर क्षेत्र में सोमवार को बिजली विभाग के एक मानव बल कर्मी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोंच थाना क्षेत्र के श्रीगांव गांव निवासी राधेश्याम कुमार (पिता- चन्देश्वर यादव) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार राधेश्याम कुमार अलीपुर पेट्रोल पंप के समीप बिजली लाइन से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। गंभीर अवस्था में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल टिकारी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। बाद में लोगों ने कॉलेज मोड़ के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया और विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
राधेश्याम कुमार की मौत से श्रीगांव गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि मृतक अपने परिवार का सहारा था और उसके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।






