न्यूज शेयर करें

वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

गया पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका कुख्यात अपराधी तिरेल यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों की टॉप टेन की सूची में शामिल गया शहर के रामपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले कुख्यात अपराधी तिरेल यादव की तलाश पुलिस काफी दिनों से कर रही थी। गया पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया और इसे गिरफ्तार कर लिया। गया के एसएसपी आशीष भारती ने तिरेल यादव को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को तिरेल यादव के बनारस में छिपे रहने की सूचना मिलते ही उसे गिरफ्तार करने के लिए रणनीति तैयार की। जिला पुलिस की एसटीएफ की टीम ने उसे बनारस से हजारीबाग जाने के क्रम में गया जिले के आमस टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि तिरेल यादव के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। टनकुप्पा में हुए दोहरे हत्याकांड में भी इसका नाम आया था। इसके बाद सिविल लाइन थाना में भी इस पर हत्या का आरोप है। जिसमें पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसके घर पर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था। शातिर सुजीत कुमार उर्फ तिरेल यादव पुलिस को चकमा देकर इधर उधर भागता फिरता रहा। पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। गया के विष्णुपद श्मशान घाट पर लकड़ी की दुकान संचालित चलाने व वर्चस्व को लेकर अबतक कई लोगों की हत्याएं हो चुकी है। यहां तक कि गया कोर्ट के पास ही बाबू धोबी की हत्या दिनदहाड़े कर दी गई थी। पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि इस खेल में तिरेल यादव व उसके गुर्गे भी शामिल थे। तिरेल का नहीं पकड़ा जाना पुलिस के लिए सिर दर्द बन गया था। लेकिन अब इसकी गिरफ्तारी के बाद अन्य फरार चल रहे अपराधी भी पुलिस के गिरफ्त में होंगे, ऐसा पुलिस दावा कर रही है। एसएसपी ने बताया कि तिरेल यादव के विरुद्ध विभिन्न थानों में आठ मामले दर्ज हैं। कई में गवाही चल रही है। उन्होंने बताया वे स्वयं और सिटी एसपी, टाउन डीएसपी लगातार इस पर नजर बनाए हुए थे। जब पुलिस को तिरेल के बनारस से हजारीबाग भागने की सूचना मिली तो आमस टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान के दौरान इसे पकड़ा गया।

Categorized in:

Crime, MAGADH LIVE NEWS,

Last Update: October 16, 2023

Tagged in: