न्यूज शेयर करें

वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

ज़िला पदाधिकारी एवं एसएसपी ने गया शहर के हाते गोदाम में माता वैष्णो देवी की गुफा के तर्ज पर बनाए गए पूजा पंडाल के आयोजन समिति के लोगों के साथ बैठक करने के बाद बताया कि आयोजक को निर्देश दिया है कि पंडाल के नीचे स्टील का पाया बनाकर फ्लोर को सपोर्ट में दे देते हैं और पंडाल के फ्लोर के सपोर्ट हेतु जैसे ही स्टील का पाया बना देते हैं और स्थिति को ठीक कर लेंगे तो आयोजक को पंडाल में श्रद्धालुओं के एंट्री करवाने की अनुमति दे दी जाएगी। इस संबंध में दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि डीएम ने जो आदेश और निर्देश दिया है, उसका अनुपालन करा लिया गया है। अब केवल उनके द्वारा लगाई गई रोक को हटाने के लिए उनके अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं।
गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हाते गोदाम में बने माँ वैष्णो देवी की गुफा के तर्ज पर बने पूजा पंडाल में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ हो रही थी। प्रशासन ने मौजूदा भीड़ के अनुपात में पंडाल की मजबूती क्षमता से कम देखी थी। जानमाल क्षति होने की आशंका को देखते हुए इस पंडाल में दर्शन पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद जिला पदाधिकारी डॉक्टर त्यागराजन एसएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती द्वारा रविवार को संयुक्त रूप से उक्त पूजा पंडाल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं के हित में पूरे इंतजाम को बारीकी से देखा गया। भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पंडाल के मजबूती की स्थिति की जांच करवाई गई। डीएम ने बताया कि जांच प्रतिवेदन में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने पहले बताया था कि फ्लोर का सपोर्ट बांस के माध्यम से दिया गया है, जो बिल्कुल ही यहां एकसाथ आने वाली भीड़ के अनुपात में सही नहीं है। बांस से दिए गए फ्लोर का सहारा काफी कमजोर बताया गया था। यह भी बताया गया कि ज्यादा लोग एकसाथ अगर चढ़ेंगे तो जानमाल की क्षति होने की पूरी संभावना है। जिसके बाद दर्शन पर रोक लगा दी गई थी। डीएम ने बताया कि आयोजन समिति के लोगों को स्टील का सपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
इधर आयोजन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि डीएम के निर्देश पर तत्काल इस कार्य में तकनीकी जानकार के लोगों को लगा दिया गया। सुरक्षा मानकों का ख्याल रखते हुए कार्य कर रहे संवेदक व तकनीक के जानकार ने बताया कि डीएम के निर्देश का अक्षरसः पालन करते हुए पंडाल में स्टील का पाया और सपोर्ट देते हुए मजबूती प्रदान कर दी गई है। अब किसी तरह की दुर्घटना की आशंका नहीं के बराबर रह गई है। केवल लगाई गई रोक को वापस ले लिए जाने का समिति इंतजार कर रही है। आयोजन समिति के लोगों ने इसके लिए डीएम और एसएसपी के साथ साथ जदयू के वरिष्ठ नेता राजू वर्णवाल के प्रति आभार जताया है।

Categorized in:

Bihar, Gaya, MAGADH LIVE NEWS,

Last Update: October 22, 2023