महताब अंसारी
कोंच (गया)। आंती थाना क्षेत्र के तिनेरी पंचायत में बिजली तार चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए 35 बिजली पोलों से हजारों फीट तार काटकर चोरी कर लिया। लगातार हो रही घटनाओं से जहां ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है, वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की भी चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मौला बिगहा से नरसिंहपुर रोड स्थित पत्थर पहाड़ तक 28 बिजली पोलों से 11 हजार वोल्ट की लाइन तथा मौला बिगहा नहर से मंडूका देवी स्थान तक 7 पोलों की एलटी लाइन के तार काटकर गायब कर दिए। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेत-बधार की ओर निकले तो जगह-जगह कटे हुए तार और क्षतिग्रस्त लाइनें देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली तार चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले 7 सितंबर को भी तिनेरी मध्य विद्यालय से तिनेरी मोड़ के बीच करीब 20 पोलों की एलटी लाइन चोरी कर ली गई थी। बार-बार हो रही चोरी से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि सक्रिय तार चोर गिरोह रात के अंधेरे में सरकारी संपत्ति को निशाना बना रहा है और अब तक उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मौके पर पहुंची एसआई मीरा कुमारी ने बताया कि मौला बिगहा से पत्थर पहाड़ तक 28 पोलों की 11 हजार वोल्ट लाइन तथा मौला बिगहा नहर से मंडूका देवी स्थान तक 7 पोलों की एलटी लाइन काटी गई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत कनीय अभियंता विकास कुमार ने बताया कि चोरों ने कृषि फीडर के तार काटे हैं। कृषि फीडर की बिजली शाम 6 बजे के बाद बंद कर दी जाती है। रात के समय घरेलू आपूर्ति प्रभावित नहीं थी। उन्होंने बताया कि गोह से आने वाली 33 हजार वोल्ट की आंती पीएसएस लाइन भी रात में निर्धारित समय के लिए बंद रही थी।
लगातार हो रही तार चोरी की घटनाओं ने न केवल ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है, बल्कि बिजली विभाग की भी नींद उड़ा दी है। विभाग को बार-बार क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और पुनर्स्थापना में अतिरिक्त संसाधन लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तार चोर गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को भी सुरक्षित रखा जा सके।
घटना स्थल पर सरपंच पति मो. शाहिद उर्फ साहू, सामाजिक कार्यकर्ता स्व. पुण्यदेव यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







