महताब अंसारी,
कोंच (गया)। कोंच प्रखंड क्षेत्र के धरहरा मठिया स्थित शिव मंदिर के समीप नदी में नहाने के दौरान बुधवार दोपहर एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मल्लह बिगहा गांव निवासी प्रमोद चौधरी के पुत्र राहुल कुमार उर्फ कलुआ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राहुल अपने साथियों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां नदी काफी गहरी है और पूर्व में भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेजा जा रहा है। किशोर की असमय मौत से पूरे मल्लह बिगहा गांव में शोक का माहौल है।







