महताब अंसारी
कोंच (गया)। प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध कोंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को दो दिवसीय कोंचेश्वर महादेव महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन टिकारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय कुमार दांगी एवं प्रखंड प्रमुख मणी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय दांगी ने कहा कि कोंचेश्वर धाम एक अत्यंत प्राचीन और आस्था का केंद्र है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस शिवलिंग की स्थापना आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा की गई थी। उन्होंने श्रद्धालुओं से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और विकास की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर कुर्सी को लेकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। इस पर विधायक ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि बाबा के दरबार में किसी प्रकार का विवाद उचित नहीं है और सभी को मिलजुल कर महोत्सव की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
विधायक ने मंदिर परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि मंदिर के शिखर पर मधुमक्खियों के छत्ते एवं उगे पौधे इसकी उपेक्षा को दर्शाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चापाकल तथा तालाब किनारे बैठने की समुचित व्यवस्था कराने की आवश्यकता बताई।
महोत्सव की पहली संध्या सुप्रसिद्ध लोक एवं भक्ति गायिका इशिता विश्वकर्मा के नाम रही। उन्होंने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन, बीडीओ चंदन कुमार, सीओ ऋतु सोनी, जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा, राजद जिलाध्यक्ष सुभाष यादव, जिला पार्षद सुरेश यादव, पैक्स अध्यक्ष रिया कुमारी, डॉ. रामाशीष कुमार, मो. आकिब आलम, सुजीत यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम दोपहर दो बजे निर्धारित था, लेकिन अतिथियों के विलंब से पहुंचने के कारण इसका शुभारंभ लगभग एक घंटे देर से हो सका। महोत्सव का समापन 25 अगस्त को विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा।







