गया, 20 जुलाई। रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले दो युवकों को सुरक्षा एजेंसियों ने धर दबोचा है। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ, सीपीडीएस, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा छोर स्थित फुट ओवरब्रिज के समीप दो युवक संदिग्ध हालात में घूमते दिखाई दिए। सुरक्षा बलों ने दोनों को रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एक युवक के पास से पोको कंपनी का तथा दूसरे के पास से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों मोबाइल लॉक अवस्था में थे। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि मोबाइल फोन रेलवे यात्रियों से चोरी किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र स्थित पिपरा गांव निवासी 22 वर्षीय भूपेंद्र यादव तथा मध्य प्रदेश निवासी 19 वर्षीय डीरी काडे के रूप में हुई है। बरामद दोनों मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
आरपीएफ ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर मोबाइलों को कब्जे में ले लिया तथा दोनों आरोपितों को जीआरपी थाना गया के हवाले कर दिया। इस संबंध में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 189/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।







